लेन तोड़ने और जाम में ओवरटेक करने पर वाहन होंगे जब्त
भारी वाहनों को बाईं लेन में चलना होगा जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों के चलते आगामी 12 महीनों तक ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहने की आशंका है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों, ट्रांसपोर्ट यूनियनों, कॉमर्शियल वाहन मालिकों और ठेकेदारों के लिए सख्त यातायात निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जाम के लिए केवल पुलिस जिम्मेदार नहीं है, बल्कि कॉमर्शियल वाहनों, टिपर और औद्योगिक वाहनों द्वारा लेन अनुशासन का उल्लंघन भी इसकी प्रमुख वजह है। सभी वाहन चालकों को निर्धारित लेन में एक के पीछे एक चलना होगा। जाम, संकरे रास्तों और निर्माण स्थलों के पास ओवरटेक करने तथा कतार तोड़कर आगे निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रक, टिपर और बसों को प्रमुख औद्योगिक मार्गों पर बाईं लेन में चलना अनिवार्य होगा।
निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने और उनके कॉमर्शियल परमिट निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है। बार-बार नियम तोड़ने वाले ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों के कार्य अनुबंधों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन्हें भविष्य के सरकारी टेंडरों से ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
कोट
औद्योगिक प्रबंधकों और ट्रांसपोर्टरों से इन निर्देशों को प्रत्येक चालक तक पहुंचाने और उनका पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि वाहन चालक यातायात नियमों और लेन अनुशासन का पालन करें तो सड़क निर्माण के दौरान जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। - संजीव धीमान, एसडीएम, बद्दी