दोपहर तक बंद रखा बाजार, काले झंडे लेकर निकाला जुलूस
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कारोबारियों ने लगाए आयुक्त पर दुर्व्यवहार करने के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर निगम बद्दी की आयुक्त के खिलाफ व्यापारियों ने शुक्रवार को दोपहर बाद तक बाजार बंद रखा। इस दाैरान उन्होंने बाजार में काले झंडे लेकर नगर निगम की आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने बाद में एसडीएम विवेक महाजन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। व्यापार मंडल के प्रधान मान सिंह कुंडलस, पूर्व प्रधान भाग सिंह कुंडलस, राजेश जिंदल, पूर्व उपप्रधान सोनी, बीडीसी सदस्य रामरतन चौधरी, कमल ज्ञानी, नगर परिषद अध्यक्ष सुरजीत चौधरी, पार्षद राहुल अग्रवाल, राज कुमार लबाना, संजीव कौशल समेत दर्जनों व्यापारी अपनी दुकानों को बंद करके पुरानी सब्जी मंडी के समीप एकत्रित हुए। व्यापार मंडल के प्रधान मान सिंह कुंडलस, राजेश जिंदल, संजीव कौशल व भाग सिंह ने कहा कि सभी व्यापारी निगम के साथ मिलकर बद्दी की सड़क को चौड़ा करने का कार्य कर रहे थे। आयुक्त के कहने पर उन्होंने दोनों ओर 9 मीटर सड़क भी छोड़ दी थी। यहां पर कुछ लाेगों ने सड़क के लिए अपनी मलकियत जमीन भी छोड़ दी थी, लेकिन नगर निगम की आयुक्त ने उनकी कोई बात नहीं सुनी और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। व्यापारियों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर आयुक्त का स्थानांतरण करने की मांग उठाई है। एसडीएम विवेक महाजन ने कहा कि बद्दी को सुंदर बनाने के लिए सभी को साथ लेकर काम किया जाएगा। आपसी मतभेद को बातचीत के जरिये सुलझाया जाएगा। उनकी मांग को उच्च अधिकारियों के माध्यम से सीएम तक भेजा जाएगा।