धर्मपुर में तोडे़ गए अवैध कब्जे। संवाद
दुकानों के बाहर सजाए गए सामान को भी हटा, निगरानी के लिए कमेटी की गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर-सुबाथू रोड पर प्रशासन के सख्त तेवरों के बाद कारोबारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ स्वयं ही मोर्चा संभाल लिया है। नोटिस की अवधि के दूसरे दिन शुक्रवार को दुकानदारों ने नालियों के ऊपर जमा कंक्रीट को हटाने का काम जारी रखा। साथ ही सड़क किनारे लगे बोर्ड और दुकानों के बाहर सजाए गए सामान को भी हटा दिया गया। इस बीच 11 कारोबारियों ने एक कमेटी का गठन कर प्रशासन के समक्ष अपनी स्थिति स्पष्ट की है। कमेटी के सदस्यों ने एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और तहसीलदार जगतपाल से मुलाकात की। कारोबारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि भविष्य में कोई भी दुकानदार सड़क या नाली के ऊपर सामान नहीं रखेगा। यदि कोई नियम तोड़ता है, तो कमेटी खुद उस पर जुर्माना लगाएगी और इसकी शिकायत पुलिस व लोक निर्माण विभाग को दी जाएगी। कमेटी की अगुवाई कर रहे गोपाल सिंह, संजीव सूद और नंद लाल ठाकुर ने बताया कि 11 दुकानदारों के हस्ताक्षर युक्त सहमति पत्र सोमवार को एसडीएम को सौंपा जाएगा। इसमें सड़क पर किसी भी प्रकार की रुकावट पैदा न करने का संकल्प लिया गया है। कारोबारियों ने कहा कि वे माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का पूर्ण सम्मान करते हैं। इसी कड़ी में वे आने वाले दिनों में राजस्व मंत्री और सचिव से मिलकर अपनी समस्याओं के समाधान और उचित राहत प्रदान करने की अपील भी करेंगे। फिलहाल, दुकानदारों के इस कदम से सुबाथू रोड पर सड़क काफी चौड़ी और साफ नजर आने लगी है।