परवाणू प्रवेश द्वार पर ट्रैफिक में फंसे वाहन। संवाद
टोल प्लाजा पर लगीं लंबी कतारें, कसौली के होटलों में 70 फीसदी तक पहुंची बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। शनिवार को कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर जबरदस्त ट्रैफिक का दबाव देखने को मिला। वीकेंड शुरू होते ही मैदानी इलाकों से भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल की ओर निकल पड़े, जिसके चलते हिमाचल के प्रवेश द्वार परवाणू में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शनिवार दोपहर तक परवाणू टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही इतनी अधिक रही कि पर्यटकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। हालांकि टोल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, लेकिन भारी भीड़ के कारण प्रत्येक वाहन को टोल पार करने में औसतन 8 से 10 मिनट का समय लगा। जाम की स्थिति को टालने के लिए पुलिस जवानों और टोल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और यातायात को सुचारू बनाने के लिए मशक्कत करते दिखे। पर्यटन नगरी कसौली में भी पर्यटकों की खासी चहल-पहल दर्ज की गई। कसौली के माल रोड और मुख्य बाजार में सैलानी मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। वीकेंड पर कसौली के होटल 60 से 70 फीसदी तक बुक रहे।