चायल में 80 फीसदी एडवांस बुकिंग
दिल्ली और चंडीगढ़ से ठंडे मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे सैलानी
पर्यटन कारोबार में आई तेजी, कारोबारियों के चेहरे भी खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर/कसौली(सोलन)। पर्यटन नगरी कसौली में वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मैदानी इलाकों की गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। कसौली के होटलों में शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, पर्यटन क्षेत्र चायल में भी होटलों की एडवांस बुकिंग 80 फीसदी तक पहुंच गई है। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। वीकेंड पर कसौली पहुंचे पर्यटक यहां के सुहावने मौसम, ठंडी हवाओं और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं। मैदानी इलाकों में व्यस्त दिनचर्या और बदलते मौसम से राहत पाने के लिए लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहाड़ों में समय बिताना पसंद कर रहे हैं। दिल्ली और चंडीगढ़ से आने वाले पर्यटकों के लिए कसौली इन दिनों पसंदीदा पर्यटन स्थल बना हुआ है। शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते पर्यटकों की संख्या में और इजाफा देखने को मिला। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा असर होटल कारोबार पर भी पड़ा है। कसौली में लगभग सभी होटल पहले से ही बुक हो चुके हैं। होटल संचालकों के अनुसार वीकेंड के दौरान कमरों की मांग में तेजी आई है। वहीं, चायल में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटलों में करीब 80 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। पर्यटन कारोबार में आई इस तेजी से होटल संचालकों के साथ-साथ टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्टोरेंट संचालकों, दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ मिल रहा है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है।