वीकेंड पर कसौली मार्केट में घूमते पर्यटक। संवाद
पर्यटक बाहरी राज्यों में गर्मी बढ़ने के बाद हिमाचल का कर रहे रुख, कालका-शिमला एनएच पर रुक-रुक लगता रहा जाम
पर्यटक स्थल समेत एनएच पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के किए बेहतरीन इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ते ही हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। इस वीकेंड पर हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिली। आलम यह रहा कि पर्यटन नगरी कसौली के होटल 100 प्रतिशत पैक हो गए, वहीं चायल में भी 80 प्रतिशत तक होटल बुक रहे। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ठंडक का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की भारी आमद के कारण कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। रविवार को हाईवे पर कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें देखी गईं, जिससे रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही। विशेषकर सोलन शहर और कसौली की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख चौराहों और पर्यटक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल कारोबारी और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग काफी उत्साहित हैं। होटलों में सैलानियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि उन्हें बेहतरीन अनुभव मिल सके।
कोट
मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ ही बुकिंग में भारी उछाल आया है। यदि आने वाले दिनों में पारा और बढ़ता है, तो पर्यटन सीजन और भी रफ्तार पकड़ेगा। फिलहाल वीकेंड की बुकिंग से कारोबारी उत्साहित हैं।
देवेंद्र वर्मा, अध्यक्ष, चायल होटल एसोसिएशन
वीकेंड पर कसौली मार्केट में घूमते पर्यटक। संवाद