कसौली पर्यटन क्षेत्र मे पर्यटक चहल कदमी करते
बाहरी राज्यों में घने कोहरे और बढ़ती ठंड से बचने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। बाहरी राज्यों में घने कोहरे और बढ़ती ठंड से बचने के लिए पर्यटकों ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। इसी का परिणाम है कि पर्यटन नगरी कसौली में वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही में भारी उछाल दर्ज किया गया है। शनिवार को भी कसौली में पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ रही और यहां के होटलों में ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी तक पहुंच गई। इन दिनों पड़ोसी राज्यों, खासकर पंजाब और हरियाणा में दोपहर तक घना कोहरा छाया रहता है और कई जगह तो सूर्य भी नहीं निकल रहा है। इसी घुटन भरे मौसम से राहत पाने के लिए पर्यटक चंडीगढ़ के नजदीक स्थित कसौली को चुन रहे हैं। चंडीगढ़ के नजदीक होने के कारण पर्यटक यहां जल्दी पहुंच जाते हैं और कई लोग तो दिनभर घूमकर शाम को वापस भी लौट जाते हैं। हालांकि, दो दिन का पैकेज बनाकर आने वाले पर्यटकों की संख्या भी अच्छी है।
कारोबारियों के खिले चेहरे
पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय होटल कारोबारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं, क्योंकि उनका कारोबार अच्छा चल रहा है। कसौली धर्मपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद गर्ग ने बताया कि वीकेंड पर बाहरी राज्यों से पर्यटकों की आवाजाही में लगातार उछाल आ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में ठंड बढ़ने के बाद अन्य दिनों में भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे पूरे सप्ताह अच्छा कारोबार रहने की संभावना है।
कसौली पर्यटन क्षेत्र मे पर्यटक चहल कदमी करते