कुंडलू स्कूल में मनाया गया कौशल दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुंडलू में शिक्षा सप्ताह के दौरान कौशल दिवस मनाया गया। कौशल दिवस मनाने का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है।
वोकेशनल कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार ने बताया कि एनईपी भारत की शिक्षा प्रणाली में सुधार लाने और इसे 21वीं सदी के आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नीति के तहत कौशल विकास और व्यवसायिक शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है, ताकि छात्रों को सिर्फ शैक्षिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और औद्योगिक कौशल भी प्राप्त हो सके। कौशल दिवस के दौरान स्कूल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यशालाएं, सेमिनार और कौशल आधारित प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
एनईपी के अनुसार कौशल विकास को मुख्यधारा की शिक्षा का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छात्र अपने रुचि के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर सकें और उनकी नौकरी के अवसर बढ़ सकें। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य पंकज शर्मा, वोकेशनल कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार, व्यावसायिक ट्रेनर रविंद्र कुमार, प्रवीण सहलेरिया, जसवीर ठाकुर, दर्शन कुमार व अन्य अध्यापक भी उपस्थित रहे।