कंडाघाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण भी पढ़ाई भी विषय पर प्रशिक्षित शिविर के दौरान मौजूद व
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। बाल विकास परियोजना कंडाघाट के तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। पोषण भी, पढ़ाई भी थीम पर आधारित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक और भावनात्मक विकास को नई दिशा देना रहा। कोर्स निदेशक एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. आभा पवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को अब केवल भोजन वितरण तक सीमित न रखकर सीखने के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण और शिक्षा दोनों का तालमेल अनिवार्य है। प्रशिक्षण में दैनिक गतिविधियों को खेल-कूद और शिक्षा से जोड़ने के व्यावहारिक तरीके साझा किए गए। प्रशिक्षण के दौरान शून्य से तीन वर्ष तक के बच्चों के लिए माता-शिशु संवाद, आपसी बातचीत और खेल के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया