मंडी के सरकाघाट का रहने वाला था सन्नी कुमार, पुलिस ने मामला किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के सलामू गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेत उतारने के दौरान अचानक एक टिपर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया, जिसके नीचे दबकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान सन्नी कुमार पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के सरकाघाट तहसील के समलोण गांव का निवासी था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चालक सन्नी कुमार सलामू गांव में टिपर से रेत उतार रहा था। इसी दौरान टिपर अचानक असंतुलित होकर पलट गया और वह उसकी चपेट में आकर नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125(ए) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।