जघाना–नालागढ़ मार्ग पर पुलिस ने 7.51 ग्राम चिट्टा किया बरामद, टैक्सी भी कब्जे में ली
क्षेत्र के युवाओं को नशा बेचने की फिराक में थे तीनों
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जघाना-नालागढ़ मार्ग पर पुलिस ने टैक्सी से 7.51 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर चालक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अर्की क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा। पुलिस के अनुसार 18 और 19 जनवरी की देर रात अर्की थाना पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक टैक्सी के जरिये चिट्टे की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जघाना से नालागढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान टैक्सी में सवार मनीष पाठक निवासी गांव सानण, डाकघर डुमेहर, तहसील अर्की, अक्षय कुमार निवासी गांव बड़ेहन, तहसील अर्की और जितेंद्र तंवर निवासी गांव जमना, तहसील अर्की के कब्जे से 7.51 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना अर्की में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में संलिप्त टैक्सी को भी कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।