स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ के नंगल उपरला में छापा, डिजिटल तराजू भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। इसमें गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नालागढ़ के तहत नंगल उपरला गांव में एक रिहायशी मकान पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मकान मालिक को उसके दो अन्य साथियों के साथ काबू किया। ये तीनों आरोपी इलाके में अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने का काला कारोबार कर रहे थे। पुलिस टीम ने जब आरोपी के कमरे की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अन्य उपकरण बरामद हुए। इसमें 1.56 ग्राम चिट्टा, कोकीन 0.79 ग्राम और एक डिजिटल तराजू और संबंधित सामग्री बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसमें सलीम खान उर्फ शम्मी निवासी नंगल उपरला नालागढ़, दिलराज मोहम्मद उर्फ राजू निवासी दोलोवाल, ताज मोहम्मद निवासी आदुवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोट
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह मादक पदार्थ कहां से लाए थे और इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन शामिल हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अशोक वर्मा,एएसपी,बद्दी