सोलन। कोविड कर्फ्यू के बीच पुलिस ने चिट्टे और शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना पर की। शहर में एक पार्किंग में दो युवक चिट्टे का सेवन कर रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि कशिश अपार्टमेंट की पार्किंग के अंदर खड़ी गाड़ी में बैठे दो युवक मोहित ठाकुर और गोकुल सूद चिट्टे का सेवन और बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना पर रेड पार्टी तैयार कर पार्किंग में खड़ी गाड़ी में दबिश देकर पुलिस ने दोनों युवकों से 4.91 ग्राम चिट्टा बरामद किया। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि नरेंद्र वर्मा निवासी आकाश कॉमर्शियल कांप्लेक्स नजदीक नर सिंह मंदिर अपने कमरे में भारी मात्रा में शराब रखी है। पुलिस ने दबिश देकर मौके से 21 बोतल शराब अंग्रेजी मार्का बरामद की। उधर, एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने इसकी पुष्टि कर बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।