क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में टेस्ट के बाद तीन में पाया गया स्क्रब पॉजीटिव
शहर के चंबाघाट का एक और अन्य दोनों राजगढ़ क्षेत्र से पहुंचे अस्पताल
संदिग्ध मरीजों की संख्या में वृद्धि के कारण टेस्टिंग को बढ़ाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में स्क्रब टायफस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले दो दिनों में तीन और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अस्पताल में रोजाना पांच से छह संदिग्ध मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह पर इनके टेस्ट करवाए जा रहे हैं, जिनमें से तीन मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
इससे पहले बीते मंगलवार को करीब दो सप्ताह बाद अस्पताल में स्क्रब टायफस का नया मामला सामने आया था। इसके बाद अब तीन और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। डॉक्टरों के अनुसार, मौसम साफ होने के बाद खेतों में घास काटने जा रहे लोगों में संक्रमण के लक्षण सामने आ रहे हैं। ऐसे में खेतों और झाड़ियों में जाने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। हालिया मामलों में चंबाघाट के एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य मरीज सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में अब तक स्क्रब टायफस के 24 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि पूरे जिले में यह संख्या 32 हो गई है। अस्पताल में उपचार करवाने पहुंचने वाले अधिकांश मरीज सिरमौर जिले के हैं।
इनसेट:
क्या है स्क्रब टायफस?
स्क्रब टायफस ओरिएंटिया सुसुगामुशी नामक बैक्टीरिया से होने वाला संक्रमण है। यह संक्रमित माइट (घुन) के काटने से फैलता है। ये घास और झाड़ियों में पाए जाते हैं। पालतू जानवरों के संपर्क से भी इनके घरों तक पहुंचने का खतरा रहता है। संक्रमण होने पर तेज बुखार और शरीर में दर्द होता है, जो कई दिनों तक बना रह सकता है।
स्क्रब टायफस के प्रमुख लक्षण
तेज बुखार और कंपकंपी
काटने वाली जगह पर काला निशान या घाव
सिरदर्द और शरीर में दर्द
बुखार शुरू होने के 5 से 8 दिन बाद लाल चकत्ते उभरना
अत्यधिक थकान, जी मिचलाना, उल्टी और भूख न लगना
कोट
अस्पताल में स्क्रब टायफस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मरीजों के उपचार के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। दवाओं का अतिरिक्त स्टॉक भी मंगवाया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम मरीजों की सेहत पर नियमित नजर रख रही है। स्वस्थ होने पर मरीजों को घर भेज दिया जाता है। - डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन