मशरूम कंपोस्ट के लिए दत्तनगर यूनिट पर करनी होगी बुकिंग
सोलन में फोरलेन से उजड़ चुकी है मशरूम कंपोस्ट यूनिट
पांच जिलों के 2,746 मशरूम उत्पादकों को मिलता था लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मशरूम सिटी (खुंब शहर) सोलन समेत अन्य चार जिलों के उत्पादकों को सोलन में इस बार भी कंपोस्ट नहीं मिलेगी। हालांकि उत्पादकों को खाद के लिए रामपुर के दत्तनगर यूनिट पर बुकिंग कराने के बाद ही मिलेगी। जिसके लिए यहां के उत्पादकों को सीधे कंपोस्ट के लिए मांग देनी होगी। जिसके बाद उन्हें खाद मिलेगी। मशरूम सिटी सोलन में खाद यूनिट उजड़ने के बाद जिला मुख्यालय समेत आसपास क्षेत्रों के दो दर्जन से अधिक छोटे ग्रोवरों ने मशरूम उगाना भी छोड़ दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के पांच जिलाें के किसानों को यह समस्या वर्ष 2017 में फोरलेन से कंपोस्ट यूनिट के उजड़ने के बाद पेश आ रही है। इसके बाद से अभी तक मशरूम ग्रोवरों के लिए सस्ती दरों में खाद प्रदान करने के लिए मशरूम सिटी सोलन में कोई विकल्प ही नहीं बनाया गया है। जिस कारण सोलन समेत जिला सिरमौर, शिमला, किन्नौर और बिलासपुर के 2,746 उत्पादक परेशान हैं। वर्तमान में कुछ बड़े ग्रोवर निजी या फिर रामपुर के दत्तनगर खाद यूनिट से खाद लेकर काम चला रहे हैं। हालांकि उद्यान विभाग की ओर से मशरूम कंपोस्ट इकाई को दोबारा स्थापित करने के लिए पिछले 06 वर्षो से जमीन तलाश की जा रही है। जिला के दो क्षेत्रों में जमीनों को चुना भी गया है, लेकिन अभी इसमें अंतिम निर्णय लेना बाकी है।
इनसेट
दत्तनगर से ले सकते है मशरूम खाद
फोरलेन की जद में आने के बाद से चंबाघाट कंपोस्ट यूनिट बंद है। विभाग के पास पंजीकृत मशरूम ग्रोवर सस्ती खाद लेने के लिए रामपुर के दत्तनगर स्थित मशरूम युनिट में आवेदन कर सकते है। ग्रोवरों को ट्रांसपोर्ट खर्चे में भी अनुदान दिया जा रहा है।
डॉ. वीपी बैंस, उपनिदेशक उद्यान विभाग