बद्दी के कौंडी में चोरों ने सिंचाई योजना का केबल व अन्य सामान हुआ चोरी- संवाद
केबल व अन्य सामान ले उड़े चोर, सिंचाई योजना हुई ठप,लोग परेशान
पानी न मिलने से खरीफ की फसल बिजाई का कार्य रुका
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। जलशक्ति विभाग की कौंडी स्थित सिंचाई पेयजल योजना के पंप हाउस से चोरों ने केबल व अन्य बिजली का सामान चोरी कर लिया है। इससे यह योजना बंद पड़ी है। इससे पहले भी चोरों ने मानपुरा, बरोटीवाला व नालागढ़ क्षेत्र में योजनाओं को अपना निशाना बनाया है। चोरी होने से योजना बंद पड़ी है। लोग मक्की व धान की बिजाई का कार्य कर रहे हैं। योजना के बंद होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। बुधवार शाम को चोरों ने इस योजना का अपना निशाना बनाया और एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया है। इस योजना को चलाने के लिए ग्रामीणों की ओर से आयोजित कमेटी की ओर से चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से योजना पर कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं है, जिससे चोर इन योजनाओं में आसानी से चोरी कर रहे है।
कौंडी गांव के गुरदीप सिंह ने बताया कि वर्तमान में योजनाएं भगवान के भरोसे चल रही है। योजनाओं में कोई भी कर्मचारी नहीं है। ग्रामीणों की एक कमेटी बनाई हुई है जो सिंचाई योजनाओं को देख रही है, लेकिन चोर इन योजनाओं की रेकी करते है और खाली समय मिलते ही यहां से सामान चोरी कर लेते है। योजना का लाखों रुपये की केबल व अन्य बिजली का सामान चोरी हो गया है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि अज्ञात चोर योजना के केबल, स्टार्टर व अन्य सामान चोरी करके ले गए हैं। ग्रामीणों ने इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस भी इन चोरों को पकड़ नहीं पा रही है। जिससे यह चोर लगातार चोरियों को अंजाम दे रहे है। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इसकी जांच कर रही है।