झाड़माजरी के बस स्टैंड पर बने इस ढाबे से हुई गैस सिलिंडर और हजारों के सामान की चोरी। संवाद
12 दिन में दूसरी चोरी,कारोबारियों में दहशत, दुकानों में ही काट रहे रात
संवाद न्यूजएजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। झाड़माजरी बस स्टैंड क्षेत्र में 12 दिन के भीतर यह दूसरी चोरी की वारदात है। चोरों ने एक ढाबे का ताला तोड़कर तीन एलपीजी सिलिंडर समेत हजारों रुपये का सामान चुरा लिया।
ढाबा संचालक सुनील कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे उन्होंने ढाबा बंद किया था। सुबह ढाबा खोलने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर से तीन एलपीजी सिलिंडर, सिगरेट, बीड़ी के पैकेट, ब्रेड, अंडे और कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य सामान गायब था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बरोटीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, करीब 12 दिन पहले भी बस स्टैंड क्षेत्र में एक ही रात में तीन चोरी और चोरी के प्रयास हुए थे। उस समय एक दुकान से एसी चोरी करने का प्रयास किया गया था। बस स्टैंड के वाटर कूलर और एक हलवाई की दुकान के फ्रिज की मोटर भी चोरी करने की कोशिश की गई थी। मार्केट प्रधान राजेश कुमार और अन्य व्यापारियों ने बताया कि पिछली घटना के सीसीटीवी फुटेज में एक थ्री-व्हीलर और संदिग्ध व्यक्ति दिखे थे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है। कई दुकानदार अब रात में अपनी दुकानों में ही रुकने लगे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से झाड़माजरी बस स्टैंड और आसपास के बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।
उधर, एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।