वारदात को अंजाम देते समय सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध चेहरे
पीड़ित की शिकायत पर बद्दी थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, फुटेज से तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के मलकुमाजरा में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने घर को निशाना बनाया। अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर मोबाइल फोन, इंडक्शन चूल्हे और अन्य सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। राहत की बात यह है कि वारदात की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मलकुमाजरा निवासी राकेश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अक्तूबर को दोपहर करीब सवा एक बजे दो अज्ञात युवक उनके घर के पास पहुंचे। मौका पाकर आरोपियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने बेडरूम में रखी अलमारी खंगाली और उसमें से मोबाइल फोन, चार्जर, इंडक्शन चूल्हा, महिलाओं का पर्स और अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार जब घर लौटा, तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध युवक कैद हो गए हैं। फुटेज में उनकी गतिविधियां और हुलिया नजर आने से पुलिस को उनकी पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बद्दी थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उधर, मामले की पुष्टि एसपी बद्दी विनोद धीमान ने की है।