कुनिहार/सोलन। पुलिस थाना कुनिहार के तहत सनौगी गांव से चोरी हुई ब्रेजा गाड़ी को पुलिस ने गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान स्थान से बरामद कर लिया है। हालांकि, वाहन चोरी करने वाले आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। कुनिहार निवासी संतोष कुमारी ने 20 नवंबर को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पति ने 15 नवंबर को ब्रेजा गाड़ी सनौगी गांव में सड़क किनारे खड़ी की थी। 20 नवंबर की सुबह देखा तो गाड़ी वहां पर नहीं थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। चोरी हुई गाड़ी आंजी घाट के समीप बरामद कर ली गई। एसपी सोलन टी साई वर्मा ने बताया कि पुलिस अब वाहन चोरी की वारदात में शामिल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।