युवक को रेस्क्यू करने के चलते बांध से छोड़ना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। कौशल्या बांध में बुधवार को युवक के डूबने की घटना के बाद चलाए रेस्क्यू अभियान का असर अब क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति पर पड़ गया है। जल शक्ति विभाग के अभियंता राहुल ने बताया कि वीरवार को क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी।
युवक के शव को निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बांध में गहराई अधिक होने के कारण जेसीबी मशीन की सहायता से शव को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी के प्रवाह को अस्थायी रूप से मोड़ा गया, जिससे जलापूर्ति योजना के इंटेक क्षेत्र के पास कटाव (स्कॉरिंग) हो गया।
इंटेक क्षेत्र में हुए इस कटाव के कारण पंपिंग सिस्टम प्रभावित हुआ है। पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि वीरवार सुबह जेसीबी मशीन की मदद से नदी के प्रवाह को फिर से सामान्य किया जाएगा और कटाव वाले हिस्से की भराई की जाएगी। इसके बाद मिट्टी और संरचना के स्थिर होने पर ही पंपिंग कार्य दोबारा शुरू किया जा सकेगा। जल शक्ति विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे पानी का सीमित उपयोग करें और असुविधा के दौरान सहयोग बनाए रखें।