धर्मपुर पंचायत में सचिव से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेते प्रत्याशी। स्रोत : जागरूक पाठक
पंचायत सचिवों के व्यस्त होने से आम जनता के काम प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों की सरगर्मी तेज होते ही धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों में चुनावी माहौल गरमा गया है। स्थिति यह है कि पंचायतों और विकास खंड कार्यालयों में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अपनी उम्मीदवारी पक्की करने के लिए पंचायत सचिवों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने की होड़ में लगे हैं। पंचायत सचिवों का पूरा समय केवल एनओसी जारी करने में ही बीत रहा है, जिसके कारण पंचायतों में आम लोगों के जरूरी काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सचिवों के चुनावी दस्तावेजों में व्यस्त होने के कारण उन्हें अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार पिछले दो दिन में ही धर्मपुर पंचायत की ओर से लगभग 20 अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। जिन पंचायतों में पहले चरण के चुनाव होने हैं, वहां भीड़ सबसे अधिक है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में 28 और 30 तारीख को चुनाव निर्धारित हैं, वहां भी उम्मीदवारों का तांता लगा हुआ है। पंचायत सचिव की ओर से जारी इन प्रमाण पत्रों पर विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) की ओर काउंटर साइन किए जा रहे हैं। 26 पंचायतों के भावी उम्मीदवार एनओसी के लिए धर्मपुर स्थित विकास खंड अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उम्मीदवारों की इस भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन का अनुमान है कि इस बार के पंचायत चुनाव अतिसंवेदनशील रहने वाले हैं। पंचायत चुनाव उम्मीदवार संबंधित पंचायत सचिव और विकास खंड कार्यालय से एनओसी ले सकते हैं पंचायत समिति उम्मीदवार तहसीलदार ऑफिस से एनओसी मिलेगी, जबकि जिला परिषद उम्मीदवार एसडीएम कसौली के कार्यालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे।