नगर निगम पर्याप्त पानी आवंटित करने में भी हो रहा असमर्थ
लोगों को सात से आठ दिन बाद भी नहीं मिल रही पर्याप्त सप्लाई
जल संकट के बीच लोगों को महंगे दामों पर मंगवाने पड़ रहे टैंकर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम पेयजल किल्लत को सुधार नहीं पा रहा। लोगों को सात से आठ दिन बाद पानी मिल रहा है। नगर निगम अब शहर के वार्डों में पर्याप्त पानी भी आवंटित नहीं कर पा रहा है और पूरी तरह से असमर्थ हो गया है। महंगे दामों पर लोगों को टैंकर मंगवाने पड़े रहे हैं। वहीं पीने के पानी के लिए लोगों को मजबूरन बोतलें खरीदनी पड़ रही है। वहीं शहर में पानी के टैंकरों की मांग भी बढ़ गई है।
बुधवार सुबह तक 61 लाख लीटर पानी अश्वनी और गिरि पेयजल योजना से शहर के मुख्य टैंक तक जलशक्ति विभाग ने पहुंचाया। इसके बाद भी कई वार्डों में पानी छठे दिन भी सप्लाई नहीं हो पाई। इस कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन वार्डों में पानी दिया जा रहा है वहां भी पर्याप्त पानी लोगों को नहीं मिल रहा है। इसमें प्रेशर काफी कम रहता है और मुश्किल से एक घंटे में 500 लीटर की टंकी भर पा रही है। हैरत की बात तो यह है कि अब लोगों को शहर के साथ लगते कई प्राकृतिक जल स्रोतों में भी नंबर लगाना पड़ रहा है। सुबह से शाम वहां पर भी लोगों की कतारें लग रही हैं।
गौर रहे कि गिरि पेयजल योजना में दुरुस्तीकरण कार्यों को लेकर मंगलवार को दो मोटरें बंद की गई थीं। लेकिन देर रात तक यह कार्य पूरा कर लिया गया। इसके बाद चार मोटरें चलाकर पानी मुख्य भंडारण टैंक तक पहुंचाया गया। बुधवार सुबह 5:00 बजे तक 61 लाख लीटर पानी शहर के टैंक तक पहुंचा है। इसके अलावा बीच-बीच में मटमैला पानी आने के कारण भी दिक्कतें आ रही हैं।
इनसेट
बुधवार सुबह तक पानी सुचारु रूप से नगर निगम को दिया गया है। 61 लाख लीटर पानी शहर के भंडारण टैंकों में सुबह 5:00 बजे की रिपोर्ट के अनुसार पहुंचा है। आगामी दिनों में भी पानी इसी प्रकार दिया जाएगा। गाद की समस्या भी बनी हुई है। लेकिन साफ पानी परकुलेशन वॉल से उठाया जा रहा है।
ई. आशीष राणा
अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, सोलन