शिक्षक न होने से छात्र ने नहीं ले पा रहे हैं संस्कृत विषय
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बद्दी में संस्कृत के शिक्षक का पद खाली होने से यहां छात्र संस्कृत विषय से वंचित हो गए हैं। पिछले डेढ़ साल से स्कूल में प्रवक्ता का पद खाली है। अब यहां छात्र चाहते हुए भी संस्कृत नहीं पढ़ पा रहे हैं और दो साल से किसी भी छात्र ने संस्कृत विषय नहीं लिया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बद्दी में सरकार ने जमा दो के छात्रों के लिए संस्कृत विषय शुरू करके यहां प्रवक्ता का पद भरा था। दसवीं के बाद संस्कृत पढ़ने के लिए छात्रों को सोलन जाना पड़ता था। इसे देखते हुए यहां सरकार ने संस्कृत विषय की कक्षाएं शुरू की थीं, लेकिन डेढ़ साल पहले यहां से प्रवक्ता का स्थानांतरण कंडाघाट स्कूल के लिए हो गया। उसके बाद यहां कोई दूसरा शिक्षक नहीं आया, जिससे यहां कई छात्र संस्कृत विषय लेना चाहते तो हैं, लेकिन अध्यापक न होने से वह नहीं ले पा रहे। पीटीए के प्रधान रामू ने बताया कि इस वर्ष जमा दो में 11 छात्र थे, लेकिन अध्यापक न होने से इन छात्रों ने स्वयं तैयारी करके परीक्षा दी है। अध्यापक न होने से यह विषय अब स्वयं ही बंद हो गया है। यहां प्रवक्ता नहीं भेजा गया तो आने वाले समय में यह विषय स्वयं ही बंद हो जाएगा। स्कूल के प्रधानाचार्य रामलाल ने बताया कि इस बारे में उन्होंने शिक्षा विभाग के उपनिदेशक को अवगत कराया है, वहीं उप शिक्षा निदेशक जगदीश नेगी ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। जैसे ही नई नियुक्तियां होगी बद्दी स्कूल में प्राथमिकता के आधार पर संस्कृत का प्रवक्ता भेजा जाएगा।