पूर्व सहायक निदेशक ने जोबर्स को दी हितलाभों की जानकारी
दीपक स्पिनर्स मिल में लगाया निशुल्क जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी की दीपक स्पिनर मिल ने कंपनी के जोबर्स (लाइन इंचार्ज) के लिए एक जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें ईएसआईसी से सेवानिवृत्त सहायक निदेशक देवव्रत यादव ने जोबर्स को ईएसआईसी से मिलने वाले हित लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कंपनी के उपाध्यक्ष एचआर श्याम सुंदर सक्सेना की देखरेख में लगाए गए शिविर में देवव्रत यादव ने जोबर्स को बताया कि ईएसआईसी में पंजीकृत कामगारों के बच्चों के लिए डाॅक्टर की पढ़ाई के लिए आरक्षण का प्रावधान है। बहुत से कामगार इसका लाभ भी ले रहे है। पहले ही दिन से निगम में व्याप्त कामगार व उसके परिजन केस टू केस बेसिस पर अपने व अपने परिवार का मुफ्त अति विशिष्ट उपचार कराने के हकदार हैं। इस बारे में जब तक न्यायालय का फैसला नहीं आता है तब तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि निगम के पणधारी की सेवा छह माह हो जाती है और इस दौरान उसकी हाजिरी 78 दिन हो तो अति विशिष्ट उपचार का हकदार है। परिवार के मामले में एक साल की सेवा और 156 दिन होना जरूरी है। प्रसूति हितलाभ लेने के लिए 9 माह की सेवा अवधि के दौरान 70 दिन की हाजिरी होने पर उसे छह माह का पूर्ण वेतन के साथ अवकाश मिलता है। पणधारी के सेवानिवृत्त होने पर पणधारी व उसकी पत्नी देश के किसी भी हिस्से में अपने घर के नजदीक ईएसआईसी के शाखा कार्यालय में 120 रुपये वार्षिक जमा कराने के बाद पति व पत्नी जीवन भर मुफ्त उपचार सेवा ले सकते हैं। इसी प्रकार ईएसआईसी में कृत्रिम अंग लगाए जाते हैं और पुनर्वास का भी प्रावधान है।
इस मौके पर कंपनी के वरिष्ठ जनरल मैनेजर वीके भट्ट, साशीष बहल, एजीएम अरुण कुमार मौर्या, राजेंद्र सिंह, पवित्रा मोहन दास, अनूप सिंह, हंसराज, हेमराज, सीताकांत बराल व पंकज कुमार उपस्थित रहे।