ग्राम पंचायत कोठी के वार्ड नंबर-2 में आठ परिवारों को सप्ताह में मिल रहा था पीने काे पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। ग्राम पंचायत कोठी के वार्ड नंबर-2 में पेयजल संकट से परेशान करीब आठ परिवारों के लिए एक स्थानीय बुजुर्ग मसीहा बनकर सामने आए हैं। पिछले करीब एक वर्ष से जलशक्ति विभाग की ओर से सप्ताह में केवल एक बार नाममात्र पानी की आपूर्ति होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हालात ऐसे थे कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आधा किलोमीटर दूर दूसरे गांव से पानी ढोकर लाना पड़ता था।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग उठाई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विभागीय उदासीनता से परेशान होकर क्षेत्र के निवासी एवं भारतीय राज्य पेंशनर संघ कुनिहार इकाई के वरिष्ठ सदस्य शिवराम पाल ने खुद आगे आकर समाधान निकालने का निर्णय लिया।
शिवराम पाल ने अपनी निजी भूमि पर करीब चार लाख रुपये की लागत से बोरवेल लगवाया। अब इस बोरवेल से आसपास के परिवारों को भी पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे लंबे समय से जल संकट झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल बताया है। शिवराम पाल ने अपने आवास पर भारतीय राज्य पेंशनर संघ के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बोरवेल का विधिवत उद्घाटन करवाया। इस मौके पर भारतीय राज्य पेंशन संघ के प्रदेश महामंत्री इंद्रपाल शर्मा, जीत राम, ओम प्रकाश गर्ग, हरि दास, मनोहर लाल, हीरा सिंह आदि मौजूद रहे।