शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर कुमारहट्टी सोलन बाईपास से सटी पहाड़ियों के दरकने के बाद प्रशासन ने यातायात में बदलाव करने का फरमान जारी किया है।
- फोटो : Demo pic
शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर कुमारहट्टी सोलन बाईपास से सटी पहाड़ियों के दरकने के बाद प्रशासन ने यातायात में बदलाव करने का फरमान जारी किया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने 20 से 24 फरवरी तक कुमारहट्टी सोलन बाईपास को बंद करने का फैसला लिया है। सभी तरह के वाहन इस दौरान वाया बड़ोग होकर अप डाउन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों हुई बारिश के चलते शिमला चंडीगढ़ मार्ग पर कुमारहट्टी सोलन बाईपास की पहाड़ियों पर दरारें आ गई हैं। फोरलेन के निर्माण के चलते यह पहाड़ियां कभी भी दरककर राहगिरों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। नतीजतन आम लोगों और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सभी तरह के वाहनों को 20 से 24 फरवरी तक वाया बड़ोग होकर चलाने का फरमान जारी किया है। इसकी पुष्टि डीसी सोलन राकेश कंवर ने की है।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन संदीप नेगी ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 एवं 117 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि 20 से 24 फरवरी तक शिमला से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले तथा चंडीगढ़ से शिमला की ओर आने वाले सभी वाहन वाया बड़ोग होकर गुजरेंगे। इन आदेशों में जानकारी दी है कि सोलन जिले के कुमारहट्टी बाईपास मार्ग पर भारी वर्षा के कारण कुछ स्थानों पर पहाड़ी में दरारें आ गई हैं।
इस कारण मार्ग पर भूस्खलन और पहाड़ से पत्थर गिरने का खतरा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर कुमारहट्टी बाइपास पर मरम्मत का कार्य करना चाहते हैं। इसी के चलते 20 से 24 फरवरी तक सोलन से कुमारहट्टी बाईपास से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद करने का फैसला लिया है। इस समयावधि में सभी प्रकार के वाहन वाया बड़ोग होकर चलेंगे। इस संबंध में पुलिस को व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं।