संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। रामशहर के साथ लगते गांव गुजरा दे बहरोटा में आयोजित पारंपरिक कुश्ती दंगल धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। यह दंगल तीसरे वर्ष आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों के सहयोग से करीब 1.50 लाख रुपये की कुश्ती करवाई गई। दंगल में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और लुधियाना सहित विभिन्न राज्यों से नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया और अपने दमदार दांव-पेच का प्रदर्शन किया। दूर-दराज से आए पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति को भी जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। पूरे दंगल के दौरान खेल भावना और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।