सोलन कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी व प्रोफेसर। स्रोत: कॉलेज
सोलन कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रतियोगिता का आयोजन
अदिति ठाकुर को पोस्टर प्रस्तुति के लिए विशेष पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। डिग्री कॉलेज सोलन में भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में दोपहर के समय आयोजित किया गया। इसमें विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में जेपी विवि के प्रो. सुनील उपस्थित रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान तथा युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्राओं नम्रता, चेतना एवं वैष्णवी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा अदिति ठाकुर को पोस्टर प्रस्तुति के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने मुख्य वक्ता के विद्यार्थियों के भविष्य के करियर संबंधी मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. योगेश, डॉ. अनिल ठाकुर, डॉ. सतीश ठाकुर, डॉ. रमेश कश्यप, डॉ. प्रीति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।