संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर। रामशहर के बड्डू गांव स्थित प्राचीन महाकाली मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। कथा व्यास आचार्य सुनील शर्मा ने राजा परीक्षित को मिले श्राप के प्रसंग का सजीव वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे कलियुग के प्रभाव में आकर राजा परीक्षित ने ध्यानमग्न ऋषि शमीक के गले में मृत सांप डाल दिया, जिसके बाद ऋषि पुत्र श्रृंगी ने उन्हें सातवें दिन तक्षक नाग के डसने का श्राप दिया। आचार्य ने कहा कि भागवत कथा जीवन में भक्ति और ज्ञान का संचार करती है और प्रभु का सुमिरन कभी व्यर्थ नहीं जाता। कथा के दौरान महाभारत के प्रसंगों ने भी भक्तों को धर्म की राह पर चलने का संदेश दिया।