22 में से एक डिफाल्टर ने कॉर्पोरेशन के नहीं चुकाए हैं 25 लाख रुपये
10 से 15 साल से नहीं चुकाया डिफाल्टरों ने निगम का एक भी पैसा
पिछले वर्ष भी हो चुकी है कॉर्पोरेशन के दो डिफाल्टरों की गिरफ्तारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति निगम (एससी एसटी कॉर्पोरेशन) की ओर से पैसा दबाए बैठे 22 और डिफाल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह सभी डिफाल्टर जिला सिरमौर से संबंध रखते हैं। इन 22 डिफाल्टरों के पास कॉर्पोरेशन का करीब 35 लाख रुपये सालों से फंसे पड़े हैं। कॉर्पोरेशन की ओर से इन सभी डिफाल्टरों को कई बार पैसा चुकाने के लिए नोटिस भेजे हैं, लेकिन किसी भी डिफाल्टर ने एक रुपया तक नहीं चुकाया। इन डिफाल्टरों के नाम की लिस्ट कॉर्पोरेशन ने पुलिस को सौंप दी है।
इनमें से एक डिफाल्टर कॉर्पोरेशन का वर्ष 2021 से लेकर 25 लाख रुपये दबाए बैठा हैं। लोन लेने के बाद से इनसे कॉर्पोरेशन को एक रुपया भी वापस नहीं किया है। इसके अलावा 21 अन्य डिफाल्टरों के पास करीब 10 लाख रुपये हैं। कॉर्पोरेशन ने इन डिफाल्टरों को राजस्व अदालत में भी पेश किया था, उसके बावजूद इन्होंने निगम का पैसा नहीं चुकाया। इनसे पहले भी प्रदेश के 50 से अधिक डिफाल्टरों के गिरफ्तारी वारंट जारी करवा चुका है। वहीं पिछले वर्ष कॉर्पोरेशन के दो बड़े डिफाल्टरों की गिरफ्तारी भी हुई है। इसके बाद इन्होंने कॉर्पोरेशन का पैसा चुकाना शुरू किया।
इनसेट
16 को होगी अदालत में पेशी
एससी एसटी कॉर्पोरेशन की ओर से नाहन के 70 डिफाल्टरों को 16 अगस्त को राजस्व अदालत में पेशी के लिए नोटिस भेजा है। इन डिफाल्टरों के पास निगम का लगभग 70 लाख रुपये का पैसा अटका पड़ा है। अदालत में पेशी के बाद भी यदि कोई डिफाल्टर पैसा नहीं चुकता है, तो उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा।
कोट
पैसा न देने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू
एससी एसटी कॉर्पोरेशन की ओर से सालों बाद भी पैसा न चुकाने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कॉर्पोरेशन ने कई बार इन डिफाल्टरों को पैसा चुकाने का मौका दिया है और कई सालों तक कोई सख्त कार्रवाई भी नहीं की है। अब कॉर्पोरेशन की ओर से डिफाल्टरों के गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। - मुल्तान सिंह बनयाल
रिकवरी तहसीलदार, एससी एसटी कॉर्पोरेशन