सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और खुली सिगरेट बेचने पर लगे प्रतिबंध पर कुछ लोग अमल नहीं कर रहे।
- फोटो : demo pic
सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और खुली सिगरेट बेचने पर लगे प्रतिबंध पर कुछ लोग अमल नहीं कर रहे। छावनी क्षेत्र सुबाथू में भी इन नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। बालिग से लेकर नाबालिग तक सुबाथू में आराम से खुली सिगरेट खरीद सकते हैं। पुलिस चौकी के साथ सटे छावनी के अपर बाजार में सिगरेट के कश लगाते लोगों को आम देखा जा सकता है। यहीं नहीं गुटका खैनी की भी यहां धड़ल्ले से बिक्री होती है। यह प्रतिबंधित सामान यहां आसानी से मिल जाता है। ऐसे में छावनी क्षेत्र के लोगों ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने की मांग की है।
आरोप है कि दुकानों में खुली सिगरेट और तंबाकू पदार्थ बेचने वालों पर शिकंजा कसा जा सके। स्थानीय लोगों में राकेश, गूंजन, निखिल, उमेश और सुनील कुमार ने कहा कि सुबाथू में कुछ लोग सार्वजनिक स्थल पर सरेआम धुआं उड़ा रहे हैं। हालांकि परिषद की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए हैं लेकिन लोग यहां खुले आम स्मोकिंग करते हैं। कुछ दुकानदार अपनी कमाई की लालच में सरेआम कानून का उल्लंघन कर प्रतिबंध के बावजूद खुली सिगरेट बेच रहे हैं।
और आसानी से मिल गई खुली सिगरेट
लोगों की शिकायत पर जब रिएलिटी चेक किया तो सुबाथू में एक दुकान में किसी व्यक्ति को भेजा गया। उसने खुली सिगरेट मांगी। दुकानदार ने बिना किसी ऐतराज के खुली सिगरेट उसे मुहैया करवा दी। वहीं इसके अलावा जब अप्पर बाजार में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान की हकीकत जांची तो वहां कुछ चिन्हित स्थानों पर लोग धूम्रपान करते हुए नजर आए।
फिर होगी कार्रवाई : पुलिस
सुबाथू चौकी के प्रभारी अर्जुन सिंह ने कहा कि समय-समय पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जाता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान के चालान समय-समय पर किए जाते हैं। अगर बाजार में खुली सिगरेट बेची जा रही है तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।