जेष्ठ सोमवार को विशाल भंडारा, शाम को होगी भजन संध्या
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। शिव तांडव गुफा में आज से दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होगा। कुनिहार स्थित प्राचीन शिव तांडव गुफा में हर माह की भांति इस माह भी श्रद्धा और उल्लास का वातावरण रहेगा। गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार के सौजन्य से 20 अप्रैल जेष्ठ सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष राम रतन तंवर, उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर और कोषाध्यक्ष गुमान सिंह कंवर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 19 अप्रैल को सुबह श्री रामचरितमानस कथा के अखंड पाठ से होगी। कथा पाठ विधिविधान के साथ आरंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल सोमवार सुबह यज्ञ की पूर्णाहुति डाली जाएगी। इसके बाद भगवान शंभू शिवलिंग का विशेष पूजन-अर्चना किया जाएगा। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा लगाया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर से आने वाले भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। शाम के समय भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु शिव भक्ति के रस में डूबेंगे। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों प्रदेशवासियों एवं शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन में भाग लेने की अपील की है। मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज ने बताया कि शिव तांडव गुफा न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-समृद्धि और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।