पट्टा ब्लॉक चंडी पंचायत में महज एक वोट से तय हुई शीला देवी की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पंचायत चुनावों के परिणाम बेहद दिलचस्प और रोमांचक मोड़ पर पहुंच गए हैं। कई पंचायतों में मुकाबला इतना कड़ा रहा कि जीत-हार का अंतर बेहद मामूली रहा, वहीं एक जगह तो विजेता का फैसला पर्ची के जरिये करना पड़ा। कुनिहार ब्लॉक की पलोग पंचायत में प्रधान पद के लिए बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां चुनावी मुकाबला इतना रोमांचक था कि दो मुख्य उम्मीदवारों आशा देवी और कांता देवी दोनों को बराबर-बराबर 425-425 वोट मिले। मुकाबला टाई होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने नियमों के तहत पर्ची के जरिये विजेता की घोषणा की, जिसमें कांता देवी की किस्मत चमकी और उन्हें विजयी घोषित किया गया। इसमें रात 10:30 बजे तक मतगणना चलती रही, जब दोनों बराबर रहीं तो दोबारा मतगणना हुई। उसके बाद एसडीएम अर्की व बीडीओ से संपर्क किया गया। बीडीओ ने पर्ची सिस्टम के आधार पर विजेता का फैसला करने के लिए कहा। हालांकि इसी बीच वहां पर तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया था। पलोग पंचायत में उपप्रधान पद पर वेदप्रकाश ने जीत दर्ज की है। वहीं पट्टा ब्लॉक की चंडी पंचायत में प्रधान पद की प्रत्याशी शीला देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी रमा देवी को महज 1 वोट के अंतर से पटखनी दी। इस बेहद करीबी मुकाबले में शीला देवी को 352 जबकि रमा देवी 351 वोट मिले।
दो वोटों से जीती रामप्यारी
नालागढ़ ब्लॉक की चिल्लड़ पंचायत में भी प्रधान पद के लिए सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। यहां रामप्यारी ने अपनी प्रतिद्वंदी अंजू देवी को 2 वोटों से हरा दिया। चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, रामप्यारी के पक्ष में 322 वोट पड़े, जबकि अंजू देवी को 320 वोटों से संतोष करना पड़ा।