15 दिन में बिल न चुकाने पर निगम काटेगा बिजली, पानी के कनेक्शन
पहले चरण में वार्ड नंबर 1 से लेकर 3 के लोगों की बनाई सूची
कई लोगों ने दो साल से नहीं दिया कूड़े का बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम सोलन अब उन डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई के मूड में है जिन्होंने लंबे समय से कूड़े के बिल जमा नहीं किए हैं। निगम ने पहले चरण में शहर के तीन वार्डों के 700 डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर दिया है। यदि अगले 15 दिनों के भीतर बकाया बिलों का भुगतान नहीं किया गया, तो निगम बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर देगा। निगम ने फिलहाल वार्ड नंबर-1, 2 और 3 के डिफाल्टरों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस थमाए हैं। इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने पिछले दो साल से एक भी बिल जमा नहीं करवाया है। अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में दिए गए नोटिसों का डिफाल्टरों पर कोई असर नहीं हुआ, जिसके चलते अब यह सख्त कदम उठाना पड़ रहा है। शेष 14 वार्डों में भी डिफाल्टरों की लिस्ट का काम तेजी से चल रहा है।
चुनाव ड्यूटी के कारण अटका संपत्ति कर का काम
नगर निगम के कई महत्वपूर्ण कार्य अभी लोकसभा चुनाव की ड्यूटी के चलते प्रभावित हो रहे हैं। संपत्ति कर जमा न करवाने वालों की सूची अभी तक तैयार नहीं हो पाई है। निगम सूत्रों के अनुसार, नोटिस तैयार करने वाले संबंधित कर्मचारी की ड्यूटी उपायुक्त कार्यालय में लगी है, जिसके कारण यह कार्य बीच में ही अटक गया है।
संपत्ति कर छुपाने वालों पर गिरेगी गाज, पीजी और किरायेदारों का डेटा खंगाल रहा निगम
नगर निगम सोलन अब उन भवन मालिकों पर शिकंजा कसने जा रहा है जिन्होंने अपनी संपत्ति का सही ब्योरा नहीं दिया है। निगम प्रशासन ऐसे डिफाल्टरों की सूची तैयार कर रहा है जिन्होंने टैक्स बचाने के चक्कर में संपत्तियों को कम दिखाया है। जांच में सामने आया है कि कई लोगों ने घरों में पीजी चला रखे हैं या भवनों को किराये पर दिया है, लेकिन वे इसका व्यावसायिक टैक्स नहीं भर रहे हैं। नगर निगम के नए नियमों के अनुसार अब इन सभी का दोबारा मूल्यांकन कर नए सिरे से नोटिस जारी किए जाएंगे।
13 हजार घरों से उठता है कूड़ा, कमर्शियल श्रेणी में सबसे ज्यादा डिफाल्टर
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक शहर में 13 हजार से ज्यादा घर हैं, जहां से प्रतिदिन कूड़ा एकत्रित किया जाता है। इसके लिए घरेलू दर 50 रुपये तय है, जबकि व्यावसायिक संस्थानों जैसे होटल, करियाना स्टोर, सरकारी व निजी कार्यालयों के लिए अलग-अलग श्रेणियां और शुल्क निर्धारित हैं। निगम की रिपोर्ट के अनुसार, कूड़े का बिल न चुकाने वालों में सबसे बड़ी संख्या व्यावसायिक (कमर्शियल) श्रेणी के उपभोक्ताओं की है, जो बार-बार चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं कर रहे हैं।
डिफाल्टरों को नहीं मिलेगी राहत
कूड़े के बिल न चुकाने वाले 700 डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इन्हें 15 दिन की मोहलत दी गई है, जिसके बाद बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। अभी केवल 3 वार्डों को कवर किया गया है, जल्द ही अन्य 14 वार्डों के डिफाल्टरों को भी नोटिस भेजे जाएंगे।
-ऊषा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन