अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर जिले के स्कूलों व शिक्षण संस्थानों में आयोजित किए जागरूकता कार्यक्रम
योग के फायदों को लेकर लोगों व विद्यार्थियों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को स्कूलों व शिक्षण संस्थानों की ओर से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में लोगों को योग करने के फायदों को लेकर जागरूक किया गया और रोजाना योग करने का आग्रह किया। वहीं जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय सोलन में भी योग क्लब की ओर से शिविर का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया। शिविर की शुरुआत मुख्य वक्ता एवं योग क्लब के समन्वयक डॉ. घनश्याम सिंह सोनी ने की। उन्होंने छात्रों को सूक्ष्म योग, प्राणायाम, विभिन्न योगासनों और योग ध्यान का गहन अभ्यास करवाया। डॉ. घनश्याम सिंह सोनी ने इस अवसर पर युवाओं से कहा कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतवर्ष की अमूल्य और समृद्ध विरासत है। हर व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने योग शिविर के आयोजन पर सभी प्रतिभागियों और योग क्लब की टीम को बधाई देते हुए कहा कि करो योग और रहो रोग मुक्त के संदेश को हमें अपने जीवन का मूलमंत्र बनाना चाहिए।
चंडी स्कूल में छात्र-छात्राओं ने किया अनुलोम-विलोम
अर्की (सोलन)। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में अंबुजा फाउंडेशन के सौजन्य से शनिवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रधानाचार्य ने कुशल योग प्रशिक्षक मस्त राम शास्त्री के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन-शैली अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपाल भाति का अभ्यास किया गया। कार्यक्रम में अंबुजा फाउंडेशन प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (शिक्षा) आरती गुप्ता, एनएसएस प्रभारी हेमलता, पंकज कुमार एवं स्थानीय ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित हुए। संवाद
धुंदन स्कूल स्वयंसेवियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त इतिहास प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से आए योग विशेषज्ञ विकास स्वामी और रेखा देवी ने दो दिनों तक विभिन्न योगासन व प्राणायाम का अभ्यास करवाया। साथ ही योग के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, अध्यापकों, विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। मुख्यातिथि अमर सिंह वर्मा ने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। संवाद
गणपति एजुकेशनल सोसायटी ने योग शिविर का आयोजन
कुनिहार (सोलन)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गणपति एजुकेशनल सोसायटी कुनिहार की ओर से शनिवार को एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों, अभिभावकों, स्थानीय समुदाय के लोगों और विशेष ओलंपिक एथलीटों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में आयुष विभाग जिला सोलन की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमा कश्यप ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में शिरकत की। योग सत्र के दौरान डॉ. हेमा कश्यप ने खड़े होकर और बैठकर किए जाने वाले योगासनों का प्रदर्शन किया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने में प्राणायाम की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया। निदेशक डॉ. रोशन लाल शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। संवाद
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय सोलन में आयोजित योग शिविर में योगा करते विद्यार्
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय सोलन में आयोजित योग शिविर में योगा करते विद्यार्