शूलिनी मेले के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता में खेल प्रदर्शन करते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : samvad
शूलिनी मेले के उपलक्ष्य में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ
पंजाब-हरियाणा और हिमाचल की टीमें दिखा रहीं हैं दम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऐतिहासिक राष्ट्रस्तरीय मां शूलिनी मेले के उपलक्ष्य में सोलन में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया है। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा की बेहतरीन टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कबड्डी के अंडर-65 किलोग्राम वर्ग में कुल 32 टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। इसके साथ ही प्रतियोगिता में महिला वर्ग की 7 टीमें भी खिताबी मुकाबले के लिए मैदान में उतरी हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन का मुख्य मुकाबला इंदिरा क्लब चंडीगढ़ और मानपुरा की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मानपुरा की टीम विजेता रही। इसके अलावा कलहोग और हिमधारा के बीच खेले गए मैच में कहलोग विजेता रहा है। इसके अलावा सोलन और ओच्छघाट के बीच खेले गए मैच में ओच्छघाट विजेता रहा है। एबीसी बड़ोग और जीटीसी बड़ोग के बीच खेले गए मैच में जीटीसी विजेता रही है। जूनियर वर्ग के कबड्डी मुकाबले में शामती और सिरमौर की टीमों के बीच भिड़ंत हुई। इस मैच में शानदार रेडिंग और डिफेंस के बूते शामती की टीम ने जीत दर्ज की। रविवार को कबड्डी के सैमी, फाइनल समेत अन्य मैच खेले जाएंगे।
शूलिनी मेले के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता में खेल प्रदर्शन करते खिलाड़ी। संवाद- फोटो : samvad