संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के मालरोड पर शाम 5:30 से रात 8 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके बाद रात 8 बजे से वाहनों को बारी-बारी से प्रवेश दिया जाएगा। इस व्यवस्था को लेकर उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने अधिसूचना जारी की है। जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि मालरोड खुलने के दौरान राहगीरों और घूमने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रैफिक पुलिस को यह भी कहा गया है कि यदि कोई तेज रफ्तार से वाहन चलाए तो तुरंत कार्रवाई की जाए। मालरोड पर शाम और गर्मी के मौसम में भीड़ अधिक होती है, जिसके कारण तेज गति से चलने वाले वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पिछले दिनों इस संबंध में कई शिकायतें भी प्रशासन को मिली थीं। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि यह निर्णय सड़क सुरक्षा और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मालरोड खुलने के बाद भी वाहन बारी-बारी से छोड़े जाएंगे, ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो।