डाईट सोलन में नशे के खिलाफ कला जत्था यात्रा का लॉन्च करते हुए। स्रोत : डाईट सोलन
डाइट सोलन में नशे के खिलाफ निकाली यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सोलन के परिसर में हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और डाइट के संयुक्त तत्वावधान में नशे के विरुद्ध कला जत्था यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा को सोलन डाइट की प्रधानाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस कला जत्था यात्रा की खास बात यह रही कि इसे पूर्ण रूप से सोलन के छात्रों द्वारा ही तैयार और प्रस्तुत किया गया है। यात्रा के माध्यम से कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि इस यात्रा के दूसरे चरण की प्रस्तुतियां 15 अगस्त तक लगातार जारी रहेंगी। नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य सह सचिव सीता राम ने कहा कि नशे जैसी बीमारी से केवल सामूहिक प्रयासों से ही लड़ा जा सकता है। उन्होंने समाज से अपील की कि नशे से ग्रसित व्यक्तियों को बहिष्कृत करने के बजाय उन्हें अपनाएं और मुख्यधारा में वापस लाने में उनका साथ दें। कार्यक्रम में डाइट प्रधानाचार्य डॉ. गीतांजलि कश्यप ने विशेष रूप से अभिभावकों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की काउंसलिंग अत्यंत आवश्यक है ,ताकि वे नशे की चपेट में आए बच्चों को कलंक न मानकर, उनके इलाज और सुधार के लिए खुलकर आगे आएं। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षण संस्थानों से इस अभियान में एकजुट होने का आह्वान किया। इस अवसर पर कला जत्था के प्रभारी गुलाब सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।