गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह सोलन के ऐतिहासिक ठोडो ग्राउंड में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री धनीराम शांडिल ने की। उन्होंने ममलीग से हरिद्वार के लिए परिवहन निगम की बस शीघ्र चलाने की घोषणा भी की। ममलीग में उप कोषागार खुलवाने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सोलन पुलिस के वाहट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 98173-00200 का सदुपयोग सुनिश्चित बनाएं। बारिश की रिमझिम फुहारों के मध्य राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी एवं स्कूली छात्रों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उपनिरीक्षक रूपेशकांत ने परेड का नेतृत्व किया। इससे पहले उन्होंने चंबाघाट स्थित शहीदी स्मारक शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। इससे पूर्व डॉ. शांडिल ने शहर के जवाहर पार्क स्थित राष्ट्रीय स्मारक पर झंडा फहराया। इसी प्रकार कुनिहार, अर्की, दाड़लाघाट, कसौली, धर्मपुर और परवाणू में भी कार्यक्रम हुए। डीसी राकेश कंवर, एसपी अंजुम आरा, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चौहान, कांग्रेस समिति के महासचिव विनोद सुल्तानपुरी, नप सोलन के अध्यक्ष पवन गुप्ता के अलावा राहुल ठाकुर, बलदेव ठाकुर, अजय वर्मा, सुरेंद्र सेठी, मुकेश शर्मा, मदन हिमाचली और अजय कंवर मौजूद रहे।
यह किए गए सम्मानित
आंगनबाड़ी भोगपुर नालागढ़ की निर्मल कौर, आंगनबाड़ी केंद्र बेर गांव सोलन की सुरेखा सहित दून विस क्षेत्र के तहत पंचायत बलयाणा पंचायत की सचिव शीला भारद्वाज, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल छावशा के मदन कुमार शास्त्री, कसौली की राजकीय पाठशाला जाबल जमरोट के लक्ष्मीनंद शास्त्री, अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाती ब्राह्मणा के रविंद्र कुमार, नालागढ़ क्षेत्र के सोबण माजरा की सोमा कुमारी के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल क्वारग, जवाहर नवोदय स्कूल कुनिहार, आईटीआई सोलन, नेहरू युवा केंद्र सोलन, सूचना एवं जन संपर्क विभाग सोलन, डाइट सोलन, गीता आदर्श विद्यालय सोलन के छात्रों एवं कलाकारों को भी सम्मानित किया।
बारिश की वजह से हुई दिक्कतें
गणतंत्र दिवस पर भारी बारिश के कारण लोगों और आयोजनकर्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्चपास्ट की सलामी जैसे तैसे खुले में बारिश की फुहारों के बीच ले ली गई। लेकिन कार्यक्रमों का आयोजन बंद कमरों में करना पड़ा। सोलन में यह आयोजन नप के हाल में हुआ। इस दौरान एक दिन पहल स्थानीय प्रशासनों द्वारा की आयोजन की तैयारी धरी की धरी रह गई। नालागढ़ समेत जिला के कई मैदान पानी से भर गए।
बाहरा विवि में फहराया तिरंगा
कंडाघाट (सोलन)। बाहरा विश्वविद्यालय वाकनाघाट में 68वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विवि के कुलपति डॉ. एसके बंसल ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के बाद सभी उपस्थित जनों में मिठाइयां वितरित की गईं। इस मौके पर बाहरा विवि के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. एससी शर्मा, डीन एकेडेमिक्स डॉ. अंगशु बनर्जी, जनरल मैनेजर कुलदीप सिंह राणा, शिक्षकगण और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने किया मार्चपास्ट
अर्की/कुनिहार (सोलन)। अर्की और कुनिहार में गणतंत्र दिवस मनाया गया। बीएल स्कूल कुनिहार में गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुुख्य अतिथि स्वतंत्रता सेनानी चिंतामणि शर्मा ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। स्कूल में बच्चों ने गणतंत्र दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य रामेश्वर ठाकुर, उपप्रधानाचार्य किरण जोशी, मुख्य अध्यापिका सुषमा शर्मा, विद्यालय समन्वयक हीरा दत्त, पुरुषोत्तमलाल, अमर देव, पूनम शर्मा, शिवानी शर्मा, मीरा कौशल, अरुणा शर्मा और स्कूल की समस्त इकाइयों के छात्र भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद बच्चों और अध्यापकों को फल तथा मिठाइयां बांटी र्गइं। अर्की में भी तिरंगा फहराया गया।
बीबीएन में धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस
बद्दी (सोलन)। प्रदेश के निचले क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में 68वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर अनेक स्थानों पर तिरंगा फहराकर देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद किया गया। सबसे पहले ईएसआईसी कार्यालय बद्दी में ईएसआईसी के राज्य निदेशक अशोक चंद्रा, हिंद मजदूर सभा के अध्यक्ष मेला राम चंदेल और बीबीएनआईए के मुख्य सलाहकार अश्वनी शर्मा ने तिरंगा फहराकर शहीदों को याद किया। जनसंपर्क अधिकारी देवव्रत यादव ने यह जानकारी दी। दून के विधायक राम कुमार चौधरी और जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल चौहान ने विभिन्न कार्यक्रमों में तिरंग फहराया। उन्होंने अपने पैतृक गांव हरिपुर संडोली, चक्कां, बिलांवाली, नप बद्दी समेत अनेक स्थानों पर ध्वजारोहण किया। हाउसिंग बोर्ड बद्दी में रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष संजीव बस्सी ने ध्वजारोहण किया। टोरेंट पार्क बद्दी में हरियोग योगा सोसायटी के अध्यक्ष डाक्टर श्रीकांत और भाजपा नेता संजीव कौशल ने ध्वजारोहण किया।
आईईसी में भी वंदे मातरम
कालूझिंडा (बद्दी)। अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विवि में वीरवार को गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विवि परिसर में राष्ट्रीय गान गाकर की गई। इसके बाद छात्रों ने विचार प्रकट किए। कार्यक्रम में विवि के कुलपति प्रो. महावीर सिंह, रजिस्ट्रार ओपी शर्मा और ओएसडी विजय अग्रवाल मौजूद रहे। यह जानकारी विवि के पीआरओ विजय कुमार ठाकुर ने दी। कहा कि इस दौरान छात्रों को राष्ट्रप्रेम की सीख दी और उज्जवल भविष्य की कामना की गई।