सोलन में पेंशनरों ने उठाई मांग, कई सालों से अटके है बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुराने उपायुक्त कार्यालय सोलन में शनिवार को जिला पेंशनर संघ की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान पेंशनराें ने एक बार फिर तीन सालों से मेडिकल बिलों के भुगतान न होने का मुद्दा गुंज उठा। पेंशनरों ने सरकार से नाराजगी जताते हुए कहा कि वे कई सालों से मेडिकल बिलों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है। कई बार पेंशनर अपने हक के लिए आंदोलन कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी पेंशनरों के अटके हुए बिलों का भुगतान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। पेंशनरों ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतन मान का पेंशन वेतन का भी एकमुश्त भुगतान किया जाए। इसके अलावा उन्होंने मांग उठाई कि सरकार को जल्द ही जेसीसी की बैठक बुलवानी चाहिए और पेंशनरों की सभी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान निकालना चाहिए।