पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार इकाई की बैठक में महंगाई भत्ते देने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार इकाई की मासिक बैठक पेंशनर भवन तालाब में इकाई प्रधान विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष जताया और शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े कई वित्तीय लाभ लंबित पड़े हैं, लेकिन सरकार इन पर ठोस निर्णय लेने में लगातार देरी कर रही है। इस कारण पेंशनर्स को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनर्स ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर महंगाई भत्ते की सभी बकाया किस्तों का तुरंत भुगतान करने की मांग उठाई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कम्युटेशन कटौती अवधि को 15 वर्ष से घटाकर 10 वर्ष 8 माह करने और उसके बाद पेंशन में स्वतः बढ़ोतरी के आदेश जारी करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश के कई राज्यों में इस संबंध में निर्णय लिए जा चुके हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। बैठक में यह भी मांग की गई कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स को क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ मूल पेंशन में जोड़ा जाए। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभ बिना किसी भेदभाव के जारी किए जाएं। पेंशनर्स ने सरकार से जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक तुरंत बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जेसीसी बैठक नहीं होने के कारण पेंशनर्स के मुद्दे लंबित हैं। मुख्यमंत्री द्वारा चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लिए बजट उपलब्ध कराने की घोषणा का जिक्र करते हुए सदस्यों ने कहा कि यह घोषणा अभी तक कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो पेंशनर्स आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे और इसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है। बैठक में कृष्ण लाल तनवर, राजेंद्र शर्मा, ज्ञान जोशी, भागमल तनवर, ज्ञानचंद पंवर, ज्ञानचंद ठाकुर और दिलाराम पंवर सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।