प्रदेश पेंशनर फ़ेडरेशन खंड अर्की जिला सोलन की मासिक बैठक में भाग लेते सदस्य। स्त्रोत फेडरेशन
अर्की में आयोजित हुई प्रदेश पेंशनर फेडरेशन की बैठक में उठाई मांग
कहा-एक माह बाद भी जारी नहीं किए मेडिकल बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। प्रदेश पेंशनर फेडरेशन खंड अर्की की मासिक बैठक सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। खंड प्रधान मदन लाल गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया और चुनावी वादों की याद दिलाई। फेडरेशन के प्रेस सचिव रोशन लाल वर्मा ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से चिकित्सा बिलों के भुगतान का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने कहा कि घुमारवीं में सरकार की ओर से किए गए वादे को एक माह बीत चुका है, लेकिन अभी तक बजट का प्रावधान नहीं हुआ है। पेंशनरों ने सरकार से मांग की है कि अति शीघ्र बजट जारी कर बिलों का भुगतान किया जाए। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर भी चर्चा की गई। इसमें लंबे समय से लंबित डीए की किस्तों को जारी करने का आग्रह किया गया। वर्ष 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को उनका बकाया जल्द से जल्द देने की मांग उठाई गई। जिला अध्यक्ष जयनंद शर्मा ने जिले में पेंशनरों के कल्याण हेतु किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। बैठक की शुरुआत में फेडरेशन के सदस्य लेख राम की धर्मपत्नी और पखेड़ (भूमति) निवासी ओमप्रकाश शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर दुर्गा राम, देवेंद्र गुप्ता, गोपाल गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, लेख राम, लीला शंकर शर्मा, किशोरी लाल शर्मा, रमेश कुमार वर्मा, श्याम, रत्न सिंह, सूरत, रामपाल, गोपाल सिंह, रोहित शर्मा, नरदेव शर्मा और दौलत राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।