नौणी विवि में ट्यूलिप एवं ऑर्किड महोत्सव सह पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उपायुक्त व अन्य।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने किया उद्घाटन,पुस्तिकाओं का भी किया विमोचन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के फ्लोरीकल्चर एवं लैंडस्केपिंग विभाग की ओर से सोमवार को ट्यूलिप एवं ऑर्किड महोत्सव सह पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम में ट्यूलिप और ऑर्किड की सुंदरता के साथ-साथ उनके व्यावसायिक महत्व पर भी मंथन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव विज्ञान, शिक्षा और किसानों के बीच की दूरी को कम करने में सेतु का काम करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने नेटिव ऑर्नामेंटल्स टेबल कैलेंडर और ट्यूलिप्स की सुंदरता नामक पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया। विश्वविद्यालय की निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के हिमालयी क्षेत्र में फ्लोरीकल्चर (फूलों की खेती) के विकास की अपार संभावनाएं हैं। ट्यूलिप और ऑर्किड जैसी उच्च मूल्य वाली फसलें किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने में गेम-चेंजर साबित हो सकती हैं। प्रधान अन्वेषक डॉ. पूजा शर्मा ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय पिछले एक दशक से ट्यूलिप पर शोध कर रहा है। हाल ही में किसानों को प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से विवि परिसर में 29 किस्मों के 4,000 से अधिक बल्ब लगाए गए हैं। अब ऑर्किड को भी व्यावसायिक फसल के रूप में प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।