हिमाचल आइडल में युवाओं ने बिखेरा सुरों का जादू,
सुदर्शन दीवाना की नाटियों पर देर रात तक थिरके दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या मातृ शक्ति को समर्पित रही। कार्यक्रम में हिमाचल आइडल गायन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं सिरमौरी नाटियों और लोकगीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में डायनामिक इंडिया युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद की माता संतोष सूद, उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता मुकेश शर्मा की माता कमलेश शर्मा और महासचिव कीर्ति कौशल की माता स्नेहलता शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वीना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि, जबकि कांग्रेस नेता दीपक राठौर और बलदेव ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिमाचल आइडल गायन प्रतियोगिता रही। पिछले दो दिनों में चयनित प्रतिभागियों ने मंच पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। गायक सोनू भारद्वाज ने प्रतिभागियों की गायकी का आकलन किया। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम हिमाचल उत्सव के आधिकारिक पेज पर जारी किया जाएगा। विजेताओं को रविवार को होने वाले मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इनसेट:
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
सांस्कृतिक संध्या में प्रदेशभर से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। ‘मेरा भोला है भंडारी’ फेम सुरेश वर्मा, सुदर्शन बबलू, अजय भारद्वाज और कांगड़ी गायक मोहित गर्ग के गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। राजगढ़ के गायक सुदर्शन दीवाना विशेष आकर्षण रहे। उनकी सिरमौरी नाटियों पर युवा दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। ऊना के गायक दीपक के साथ सोलन की स्थानीय गायिकाओं इंदु बाला, श्वेता राणा और भावना तंवर ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब सराहना बटोरी।
सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या के दौरान मौजूद लोग।