विभागीय टीम ने सुबह 11 बजे ही नामी स्टोर पर मारा छापा
गार्लिक ऑरगेनो, ब्राउन ब्रेड समेत अन्य खाद्य पदार्थ के सैंपल भेजे कंडाघाट
त्योहार को देखते हुए विभागीय टीम अलर्ट, दुकानों का कर रही निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के एक अधिकारी की खरीदी हुई ब्रेड में फंगस निकलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाइपास स्थित नामी स्टोर में छापा मारा। विभाग की टीम सुबह 11:00 बजे स्टोर में पहुंची। टीम के पहुंचते ही स्टोर में हडकंप मच गया। विभागीय टीम ने सहायक आयुक्त डॉ. अतुल की अध्यक्षता में कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे और स्टोर प्रबंधकों को हिदायत दी कि यदि उनकी खाद्य वस्तुएं खराब पाई गई तो उन पर नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
टीम ने मौके पर गार्लिक ऑरगेनो ब्रेड, गार्लिक ब्रेड टोस्ट, किट्टी ब्राउन ब्रेड, अरहल दाल, ब्लैक वाटर का सैंपल भका। करीब डेढ़ घंटा चली इस कार्रवाई में प्रबंधकों के पसीने छूटते रहे। सैंपल को जांच के लिए टीम ने सीटीएल कंडाघाट भेज दिया गया है। जहां से शुक्रवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि एक ओहदेदार अधिकारी ने यहां से एक दिन पहले ब्रेड खरीदी थी। जब घर जाकर उन्होंने ब्रेड खोली तो उसमें फंगस लगा हुआ था। ऐसे में उपायुक्त मनमोहन शर्मा के पास जब मामला पहुंचा तो उन्होंने तुरंत नगर निगम की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को यहां पर जांच करने के आदेश जारी किए। जिसके बाद टीम ने यहां पर कार्रवाई की।
गौर रहे कि त्योहारी सीजन को लेकर भी टीम अलर्ट पर है। टीम ने शहर में दुकानों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। खासकर मिठाई दुकानों पर टीम नजर बनाए हुए है। इसी के साथ डिब्बा बंद मिठाइयों के भी सैंपल टीम की ओर से भरे जा रहे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। शहर में बड़े मॉल और अन्य जगहों में खाद्य पदार्थों के गिफ्ट पैक पर भी विभागीय टीम नजर बनाए हुए है।
इनसेट
उपायुक्त के आदेशों के अनुसार बायपास स्थित स्टोर में छापा मारा गया। दुकान से पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल भी भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए कंडाघाट प्रयोगशाला भेज दिया गया है। यहां से शुक्रवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग खाद्य पदार्थों की दुकान पर भी नजर बनाए हुए है।
-डॉ. अतुल
सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम सोलन