ग्राम पंचायत सायरी में पेंशनर कल्याण संघ के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान समस्याएं सुनते स्वा
पेंशनर कल्याण संघ सायरी के 20वें स्थापना दिवस के मौके पर बोले, स्वास्थ्य मंत्री
पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य है। वे अपने अनुभवों से सीखे हुए ज्ञान को युवाओं के साथ साझा कर युवा पीढ़ी का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। डॉ. शांडिल शुक्रवार को जिला की ग्राम पंचायत सायरी में पेंशनर कल्याण संघ सायरी के 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन सभी के लिए उपयोगी है। वरिष्ठ नागरिकों का जीवन भर का अर्जित ज्ञान अनेक मुश्किल परिस्थितियों में सही रास्ता चुनने में सहायता करता है। कहा कि प्रदेश के विकास में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों का अहम योगदान है और प्रदेश सरकार सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अंशदान करने और पर्यावरण के संरक्षण के लिए पौधरोपण करने का आग्रह भी किया। उन्होंने पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जिला सोलन पेंशनर कल्याण संघ के प्रधान केडी शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की जबकि अखिल भारतीय अर्धसैनिक बल सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रधान बीके शर्मा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहें। इस दौरान ग्राम पंचायत सायरी की प्रधान अंजू राठौर, पेंशनर कल्याण संघ सायरी के प्रधान बेली राम राठौर, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के प्रधान जगदीश भरद्वाज, जिला सोलन पेंशनर कल्याण संघ के वरिष्ठ उप प्रधान जीआर भारद्वाज, नायब तहसीलदार कंडाघाट सुरेंद्र चंदेल, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सहित पेंशनर, वरिष्ठ नागरिक व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित रहे।