सेरा स्कूलों के निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग की टीम, विद्यालय स्टाफ। स्कूल
शैक्षणिक स्तर समेत विद्यालय का रिकॉर्ड जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। शिक्षा विभाग की टीम ने राजकीय माध्यमिक व प्राथमिक पाठशाला सेरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) राजेंद्र वर्मा, प्रधानाचार्य (इंस्पेक्शन) भरत और खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (इंस्पेक्शन) रंजना नायर शामिल रहे। निरीक्षण टीम के साथ तेजेंद्र भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की गहन जांच की। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, पठन-पाठन गतिविधियों और विद्यालय में चल रही शैक्षिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। टीम ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की उपलब्धियों का मूल्यांकन किया। निरीक्षण उपरांत विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर एवं विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण टीम ने विद्यालय स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। विद्यालय परिवार ने टीम का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।