नालागढ़ में डाइट सोलन के प्रधानाचार्य ने बांटे सर्टिफिकेट, 300 स्वयंसेवी शिक्षक भी किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत खंड विकास कार्यालय के पंचायत समिति सभागार में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इसमें खंड नालागढ़ के 2,578 नव साक्षरों और करीब 300 स्वयंसेवी अध्यापकों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सोलन के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया। डॉ. शिव कुमार शर्मा ने कहा कि जो लोग बचपन में किन्हीं कारणों से शिक्षा से वंचित रह गए थे, उन्हें नव भारत साक्षरता कार्यक्रम ने फिर से पढ़ाई करने और मुख्यधारा में जुड़ने का सुनहरा अवसर दिया है। साक्षर होने के बाद अब ये लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने स्वयंसेवी शिक्षकों की भी सराहना की, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से इन लोगों को अक्षर ज्ञान करवाकर समाज में उजाला फैलाया है।कार्यक्रम के दौरान डाइट प्रवक्ता मनीषा शर्मा और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अनोख सिंह ने भी विचार रखे। उन्होंने बताया कि खंड के विभिन्न केंद्रों पर इन नव साक्षरों को जीवन-यापन के लिए आवश्यक व्यावहारिक शिक्षा और साक्षरता प्रदान की गई। प्रमाणपत्र पाकर कई बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे खिल उठे, जिन्होंने उम्र के इस पड़ाव पर पढ़ना-लिखना सीखा है। इस अवसर पर बीईईओ तारा देवी, खंड प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रधान तेजवीर कौर, हरिंदर सिंह, सुषमा देवी, जगदेव चंद, मेवा सिंह सहित विभिन्न केंद्रों से आए केंद्राध्यक्ष और अध्यापक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने जोर दिया कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि अधिकारों के प्रति जागरूक होना भी है। कार्यक्रम में साक्षरता अभियान को भविष्य में और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।