बरोटीवाला कालेज का निरीक्षण करते हुए शिक्षा विभाग के निदेशक – स्रोत- कालेज।
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला में सोमवार को शिक्षा निदेशक ने औपचारिक दौरा कर कॉलेज की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक, भौतिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विशेष रूप से कॉलेज भवन और कक्षाओं की व्यवस्थाओं को देखा। इसमें पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष और गर्ल्स कॉमन रूम की सुविधाएं भी जांची। खेल मैदान और स्टाफ रूम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई की गुणवत्ता, कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों और विद्यार्थियों को पेश आ रही समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संस्थान में बेहतर शैक्षणिक माहौल और अनुशासन बनाए रखना सराहनीय है। शिक्षा निदेशक ने कॉलेज प्रशासन को संस्थान की गुणवत्ता में और सुधार लाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए और उन पर शीघ्र अमल करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।