सोलन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों को शपथ दिलवाते उपायुक्त। स्रोत : आईपीआर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य लोकतंत्र को सशक्त बनाना, मतदाता जागरूकता बढ़ाना और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान का प्रयोग करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोलन, गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 25 जनवरी को रविवार का अवकाश होने के कारण यह शपथ शनिवार को ही दिलाई गई।